बहराइच / चित्तौरा। सड़क हादसों में महिला की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने महिला के शव को शिनाख्त के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया। वहीं घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
शहर के लखनऊ-नानपारा बाईपास त्रिमोहानी घाट के पास स्थित मंडी के सामने बृहस्पतिवार की सुबह अज्ञात वाहन ने लगभग 30 वर्षीय महिला को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और चेहरा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने से शिनाख्त नहीं हो सकी। राहगीरों की सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली।
महिला के पास से ऐसा कोई भी सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे शिनाख्त हो सके। राहगीरों में चर्चा रही महिला के शव को रौंदे जाने से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। देहात कोतवाल परमानन्द तिवारी ने बताया आसपास के जिलों और थाना क्षेत्रों में हुलिए के माध्यम से महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल कर टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।
वहीं कैसरगंज कोतवाली इलाके के कोनारी बंगले के पास बुधवार की रात बढ़हीनपुरवा निवासी बाइक सवार असगर अली की कार से टक्कर हो गई। परिजनों के मुताबिक वे जरवल से घर आ रहे थे। इसी तरह, देहात कोतवाली के गोलवाघाट के पास वशीरगंज निवासी बंसतू (60) को पैदल जाते समय कार से टक्कर हो गई।