बौंडी (बहराइच)। विसवां गांव में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हो गई। महिला का शव छत के कुंडे से लटका पाया गया। शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बौंडी थाना क्षेत्र के विसवां गांव निवासी 35 वर्षीय प्रतिभा पत्नी स्व. बुद्धू शनिवार की रात खाना खाकर अपने कमरे में सोने गई थी। रविवार की देर सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो उसके कमरे जाकर देखा गया तो वह पंखे के कुंडे के सहारे रस्सी से लटककर आत्महत्या कर चुकी थी। चर्चा है कि मृतक महिला का शरीर जमीन को छू रहा था। गले व शरीर के अन्य भागों में चोट के निशान भी पाए गए हैं। शव देखने के बाद आत्महत्या करने जैसा प्रतीत नहीं हो रहा था।
घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। सूचना पर बौंडी थानाध्यक्ष मनोज कुमार राय पहुंचे। शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। सीओ महसी जेपी त्रिपाठी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। महिला अपने पीछे 10 वर्षीय गौरव व सात वर्षीय पल्लवी को छोड़ गई। डेढ़ साल पूर्व एक दुर्घटना में पति की मौत हो चुकी थी। सीओ ने बताया कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।