परिषदीय विद्यालयों में 60 प्रतिशत से कम छात्र उपस्थिति होने पर बीएसए ने जारी किया पत्र
बीएसए से मिला शिक्षकों का प्रतिनिधि मंडल, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने जताया विरोध
फोटो- 23 संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। परिषदीय विद्यालयों में 60 प्रतिशत से कम छात्र उपस्थिति वाले 1520 विद्यालयों के शिक्षकों का बीएसए ने वेतन बाधित करने का पत्र जारी किया है। इसका राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिलकर कड़ा विरोध जताया है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को जिलाध्यक्ष आनंद मोहन की अगुआई में शिक्षकों का दल बीएसए से मिला।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अक्तूबर व नवंबर में त्योहार व धान की कटाई के कारण उपस्थित प्रभावित हुई है। शिक्षक बुलावा टोली व स्वयं घर-घर जाकर उपस्थित बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एआर तिवारी ने कहा कि विभाग द्वारा जिले के स्कूलों में छात्रों की हाजिरी व मिड डे मील ग्रहण करने के आकड़ों की साप्ताहिक समीक्षा की जा रही है, जिसमें जिले के विद्यालयों की औसत उपस्थिति 60 प्रतिशत से कम है। छात्रों की उपस्थिति बढ़ाकर 70 प्रतिशत की जाये, तो वेतन नहीं रुकेगा। इसके लिए सभी शिक्षक प्रयास करें।
जिला महामंत्री उमेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि जिस आईवीआरएस सूचना के आधार 1520 विद्यालयों के समस्त स्टाफ का वेतन बाधित करने का पत्र जारी किया गया है वह त्रुटिपूर्ण है। विद्यार्थियों की सही उपस्थित माह के अंत में जमा होने वाले उपभोग प्रमाण पत्र से ही की जा सकती है। इस अवसर पर वरिष्ठ खंड शिक्षाधिकारी वीरेंद्र नाथ द्विवेदी, उपाध्यक्ष पंकज वर्मा, कोषाध्यक्ष सगीर अंसारी समेत सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।