भगवानपुर (बहराइच)। बहराइच-सीतापुर हाईवे पर बृहस्पतिवार देर रात गंगापुरवा गांव के एक ग्रामणी की बाइक छुट्टा सांड़ से टकरा गई। टक्कर से ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रात में जिला अस्पताल से लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। ग्रामीण की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
गांव के मदन बाजपेई (50 वर्ष) बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे के आसपास चहलारी घाट की ओर से घर लौट रहे थे। मौजमपुरवा प्राथमिक विद्यालय के पास अचानक निकले छुट्टा सांड़ से उनकी टक्कर हो गई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन मदन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पूर्व प्रधान लल्लन बाजपेई ने बताया कि मदन बाजपेई ही घर में एकमात्र कमाने वाले थे। उनके पीछे पत्नी गीता देवी, 15 साल की बेटी बीनस और 13 साल का बेटा अरमान रह गए हैं। तहसीलदार महसी विकास कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, जांच कराई जा रही है, परिवार को सरकारी मदद देने पर विचार किया जा रहा है।