बहराइच। नेपाल में स्मैक की तस्करी करने जा रहे दो तस्करों को रविवार को एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीम ने गश्त के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से 121 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों तस्करों को जेल भेजा है।
एसएसबी के निरीक्षक रमेश कुमार ग्वाल व रुपईडीहा थाने के एसआई हरीश सिंह रविवार को दल-बल के साथ नेपाल सीमा पर संयुक्त गश्त कर रहे थे। तभी कस्बे में राना पेट्रोल पंप के पास बाबागंज की ओर से दो युवक आते दिखे। टीम ने रोका तो वे भागने लगे। इस पर जवानों ने घेराबंदी करके दोनों को दबोच लिया। तलाशी में एक के पास से 61 ग्राम व दूसरे के पास से 60 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
रुपईडीहा थानाध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि पूछताछ में दोनों की पहचान बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के लेनगांव गांव निवासी मोहम्मद व नानपारा कोतवाली क्षेत्र के मिरयासी मोहल्ला निवासी अब्दुल रज्जाक के रूप में हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ 21 लाख रुपये आंकी गई है।