बहराइच। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो ब्रिटिश नागरिकों की स्वदेश वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सभी आवश्यक औपचारिकताओं, सत्यापन और गृह मंत्रालय से अनुमति मिलने के बाद दोनों 15 जून को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से ब्रिटेन के लिए रवाना होंगे।
नेपाल में एक चैरिटी कार्यक्रम में शामिल होने आईं ब्रिटिश नागरिक सुशीला और उनके सहयोगी हस्सान अम्मान को 15 नवंबर को रुपईडीहा सीमा से भारतीय क्षेत्र में बिना वैध यात्रा दस्तावेज के प्रवेश करते हुए गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को जेल भेजा गया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी, लेकिन न्यायालय के आदेश के तहत उनकी निगरानी पुलिस लाइन में की जा रही है।
मामले की सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और प्रतिवेदनों के आधार पर न्यायालय ने दोनों को दोषमुक्त कर दिया। इसके बाद आव्रजन और पासपोर्ट संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। शुक्रवार देर रात को दोनों का मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
एएसपी ग्रामीण डीपी तिवारी ने बताया कि सभी जांच, सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। गृह मंत्रालय से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद दोनों ब्रिटिश नागरिक 15 जून को दिल्ली एयरपोर्ट से अपने देश के लिए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि सीमा पर निगरानी लगातार सख्त है और सतर्कता बरती जा रही है।