बहराइच। देहात कोतवाली क्षेत्र के बहादुरचक गांव निवासी महिला की शुक्रवार रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, बहराइच-सीतापुर मार्ग पर शनिवार सुबह हुई एक अन्य दुर्घटना में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।
बहादुरचक गांव निवासी कमरुल्ला (65) शुक्रवार देर शाम अपने बेटे अब्दुल नबी के साथ बाइक से पारिवारिक काम से शहर आई थीं। रात करीब नौ बजे दोनों गांव लौट रहे थे। उसी दौरान लखनऊ मार्ग पर टिकोरा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। परिजनों के मौके पर न होने के कारण एंबुलेंस के ईएमटी विवेक कुमार ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार शुरू होते ही कमरुल्ला की मौत हो गई, अब्दुल नबी का इलाज जारी है।
उधर, हरदी क्षेत्र के इड़ौरा गांव निवासी बाबादीन (45) शनिवार सुबह रमपुरवा की ओर जा रहे थे। उसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार मानस (20) निवासी नयापुरवा, कौड़हा की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान बाबादीन की मौत हो गई, जबकि घायल मानस का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।