बहराइच। नानपारा-मैलानी रेलखंड पर बंद ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हो जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम ने हाईकोर्ट में 23 मार्च से ट्रेनों का संचालन पूर्व की तरह किए जाने का हलफनामा दिया है। इसके बाद 23 मार्च को सांसद हरी झंडी दिखाकर बहराइच रेलवे स्टेशन से ट्रेन को रवाना करेंगे। इस रूट पर ट्रेेनों का संचालन होने से जिले की करीब आठ लाख आबादी को सीधे तौर पर सस्ते सफर का लाभ हासिल हो सकेगा।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की ओर से उच्च न्यायालय में वन्यजीवों की ट्रेनों की तेज रफ्तार के कारण जंगल में हो रही मौतों की सूची दी गई थी। इसके बाद हाईकोर्ट में हलफनामा देकर रेलवे ने 16 फरवरी से नानपारा-मैलानी रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया था, जिससे जिलेवासी आक्रोशित हो उठे थे। कुछ लोगों ने उच्च न्यायालय में ट्रेन बंद होने के खिलाफ जनहित याचिका भी दायर की थी। याचिका दायर होने के बाद सुनवाई का दौर चल रहा था।
इस बीच बीते दिनों उच्च न्यायालय में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक की ओर से हलफनामा दाखिल किया गया था, जिसमें 23 मार्च से ट्रेनों का संचालन फिर से शुरु किए जाने की बात कही गई। इसके बाद तराईवासियों में एक बार फिर से ट्रेनें शुरू होने की उम्मीद जगी। रेलवे ने ट्रेनों को चलाए जाने की पूरी तैयारी कर ली है। सांसद अक्षयबर लाल गोंड 23 मार्च से बहराइच रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे।
आठ लाख आबादी को मिलेगा लाभ
मिहींपुरवा निवासी विनय तिवारी, पिंटू मौर्या आदि ने बताया कि मिहींपुरवा से बहराइच तक बस से जाने में 100 से 120 रुपये खर्च करने पड़ रहे थे। जबकि ट्रेन से महज 20 रुपये में ही सफर पूरा हो जाता था। लगभग एक माह से ट्रेनें बंद थीं। अब फिर से ट्रेनों का संचालन शुरू होने पर इसका फायदा क्षेत्र की आठ लाख की आबादी को सीधे तौर पर मिल सकेगा।
ट्रेनों की रफ्तार कम रखने का निर्णय
नानपारा-मैलानी रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही ट्रेनों की रफ्तार कम रखने का फैसला किया गया है। 23 मार्च के पहले रेलखंड पर रेलवे ट्रैक आदि का परीक्षण करा लिया जाएगा। इसके बाद 23 मार्च से ट्रेन चला दी जाएगी।
- पंकज सिंह, पीआरओ रेलवे