बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में नशा मुक्त भारत योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मौजूद लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई। अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। लोगों को बताया गया कि नशा समाज के लिए कलंक है। यह खुद के साथ परिवार को भी परेशान व खत्म करने की दिशा में ले जाता है।
कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ कविता मीना ने मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्वयं सेवी संगठनों के लोगों को नशा मुक्ति के लिए शपथ दिलाई। कार्यक्रम को सीडीओ कविता मीना, विधायक नानपारा माधुरी वर्मा, बलहा विधायक सरोज सोनकर, विधायक प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्र, सीएमएस डॉ. डीके सिंह, डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय व अन्य ने संबोधित किया। कहा कि नशा समाज के लिए कलंक है हम सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि समाज को विशेषकर युवा पीढ़ी को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रखें। इस मौके पर एसडीएम सदर सौरभ गंगवार, कैसरगंज महेश कुमार कैथल, महसी एसएन त्रिपाठी, बीएसए दिनेश कुमार यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी जीडी यादव व अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।