फखरपुर के ढोढ़ेपुरवा गांव में कलयुगी बेटे ने 70 वर्षीय पिता की हत्या कर दी। रुपयों को लेकर हुए विवाद में बेटे ने हसिएं से ताबड़तोड़ वार कर पिता को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
फखरपुर के ढोढ़ेपुरवा गांव में रुपयों के विवाद में कलयुगी बेटे ने अपने पिता पर हंसिए से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। सब कुछ इतना तेजी से हुआ कि आसपास के लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। वारदात अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
फखरपुर थाना क्षेत्र के ढोढ़ेपुरवा गांव निवासी 70 वर्षीय अवधराम के पांच बेटे व पांच बेटियां हैं। बताया जाता है कि अवधराम का तीसरा बेटा विश्वनाथ लगभग एक सप्ताह पहले राजस्थान से कमा कर लौटा है। शुक्रवार की रात को वह अपने पिता से रुपये मांग रहा था। पिता ने रकम देने में असमर्थता जताई। यह बात बेटे को नागवार गुजरी और उसने पास में रखे हंसिए से पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
ताबड़तोड़ वार होने से पिता गंभीर रूप से घायल हो गये और अचेत होकर जमीन पर गिर गये। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर फखरपुर थानाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।