स्कूल चलो अभियान के तहत बुधवार को शहर में स्कूल चलो रैली निकाली गई। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं शिक्षा जागरूकता से संबंधित श्लोगन लिखी तख्तियां हाथ में लिये हुए थे। जनपद स्तरीय रैली में सभी ब्लाकों के शिक्षक व छात्र शामिल रहे। रैली समापन के मौके पर सभा हुई। जिसे सीडीओ व बीएसए समेत अन्य अधिकारियों ने संबोधित किया।
जिला स्तरीय स्कूल चलो रैली के तहत बुधवार सुबह सात बजे नगर क्षेत्र व ग्रामीण अंचलों के प्राथमिक तथा जूनियर विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शहर के गेंदघर मैदान में एकत्रित हुए। जिला समन्वयक राकेश सिंह की ओर से आयोजित रैली का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार ने गेंदघर के मैदान में सफेद कबूतर उड़ाकर हरी झंडी दिखाकर किया।
यह रैली राजकीय इंटर कॉलेज, छावनी चौराहा, घंटाघर, छोटी बाजार, अस्पताल चौराहा होते हुए इंदिरा गांधी स्टेडियम में पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं पढ़ लो भइया पढ़ लो बहना, पढ़ना लिखना ही है गहना, शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का अब करो जतन, खूब पढ़ेंगे खूब बढ़ेंगे आदि नारे लगा रहे थे। सभी छात्र-छात्राएं हाथों में श्लोगन लिखी तख्तियां भी लिये हुए थे।
जिन मार्गों से रैली गुजरी, उन मार्गों पर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों में नामांकन के प्रति प्रेरित किया गया। इंदिरा गांधी स्टेडियम में पहुंचकर रैली सभा में परिवर्तित हो गई। जिसे संबोधित करते हुए सीडीओ राकेश कुमार व जिलाधिकारी अभय ने शिक्षकों को संकल्पबद्ध होकर शिक्षा दान के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद सभी का आभार जताया। रैली को सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी शशी कुमार, जिला समन्वयक प्रदीप पांडेय, बालिका शिक्षा के जीतेंद्र सिंह, एमडीएम के राकेश मिश्र आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर शिक्षक नेता राधा कृष्ण पाठक, विद्या विलास, विजय उपाध्याय, नवरगंज सिंह आदि मौजूद रहे।