चुनावी अड्डा की खबर- बहराइच में पीपल चौराहे के पास चुनाव पर चर्चा करते लोग।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी पार्टियों के प्रत्याशियों की ओर से वोटरों को साधने की जुगत भी शुरू हो गई है। वोटरों को तरह-तरह के वादे किए जा रहे हैं। प्रत्याशियों के कार्यकर्ता दिन रात वोटरों के दरवाजों पर दस्तक दे रहे हैं और अपनी पार्टी व प्रत्याशी की खूबियां गिना कर वोट मांग रहे हैं, लेकिन जिले के मतदाता इस बार विकास व क्षेत्रीय मुद्दों पर वोट देने की बात कह रहे हैं। मतदाता इस बार बिना किसी वादे में आए खुद से सभी प्रत्याशियों का आकलन कर वोट की चोट देना चाहता है।
शहर के एक कांप्लेक्स में रविवार को अमर उजाला की ओर से वोटर अड्डा कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मतदाताओं ने बेबाकी से अपनी बात रखी। किसी ने विकास तो किसी ने क्षेत्रीय मुद्दे पर अपना वोट देने को कहा। कुछ मतदाताओं ने प्रत्याशियों के शैक्षिक व सामाजिक पृष्ठभूमि को भी आधार बनाकर वोट देने की बात कही। कार्यक्रम में मौजूद व्यापारी किशोर कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रत्याशी हर बार मतदाताओं से कई तरह के वादे करते हैं, लेकिन अधिकांश वादे अधूरे रह जाते हैं। ये वादे एक बार फिर चुनाव के समय याद आते हैं। इस बार इन सब का हिसाब होगा और जो वादा पूरा करने वाला प्रत्याशी होगा, उसे ही वोट दूंगा।
व्यापारी राज शर्मा ने कहा कि इस बार व्यापारियों के हित की बात करने वाले को वो वोट देंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारी हित के वादे बस चुनाव तक सुनाई देते हैं, फिर खत्म हो जाते हैं। इस बार ईवीएम का बटन दबाते समय सभी बातों का ख्याल रखा जाएगा। व्यापारी अतुल अग्रवाल ने कहा कि इस बार जाति-पाति की राजनीति सफल नहीं होगी। विकास के मुद्दे पर वोट दिया जाएगा। सभी प्रत्याशियों में जो विकास की बात करेगा उसे वोट दूंगा। व्यापारी शादाब ने कहा कि इस बार शिक्षित, सौम्य स्वभाव व भ्रष्टाचार से मुक्त नेता चुनेंगे। जिससे वो सदन तक पहुंच कर हमारे विधानसभा की समस्याओं को हल करवाए और क्षेत्र के विकास के लिए अच्छा बजट लाए। वोटर अड्डा में मौजूद सतेंद्र अवस्थी ने कहा कि इस बार ऐसा नेता चुना जाएगा जो जमीनी स्तर से जुड़ा हो। अगर कोई मतदाता अपनी समस्या लेकर जाए तो वो उसे तवज्जो दे और समस्या हल करवाने के लिए प्रयास करे। ऐसा न हो कि लोगों की बात ही न सुने।