कतर्नियाघाट कार्यालय पर ग्रामीणों से वार्ता करते डीएफओ।
- फोटो : BAHRAICH
बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के भरथापुर गांव के विस्थापन की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। सर्वे दल की रिपोर्ट पूरी हो चुकी है। शासन को रिपोर्ट पहुंचने के बाद भरथापुर वनग्राम के ग्रामीणों को शासन की ओर से 15 लाख रुपये खाते में भेजा जाएगा।
कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार के घने जंगल में बसे भरथापुर गांव के कुल 249 लोगों का विस्थापन होना है। जिसकी प्रक्रिया पिछले कई सालों से चल रही है। जिसमें 219 लोगों ने प्रारूप-एक भरा है। उन लोगों को 15 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान शासन की ओर से है। 30 लोगों ने प्रारूप-दो भरा है, उनको नौबना गांव मे दो हेक्टेयर जमीन में बसाने की प्रक्रिया चल रही है। प्रभागीय वनाधिकारी आकाशदीप बधावन ने भरथापुर के ग्रामीणों के साथ कतर्नियाघाट रेंज मे स्थित कार्यालय बुलाकर उनको सर्वे पूरा होने की जानकारी दी। डीएफओ ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी।
ग्रामीणों को डीएफओ ने बताया कि पूर्व में गठित सर्वे दल की रिपोर्ट आ गई है। यह रिपोर्ट दो से तीन दिन में फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक व शासन को भेज दी जाएगी। जिसके बाद पात्र ग्रामीणों के खाते में पैसे आने शुरू हो जाएंगे। हालांकि अभी भी भरथापुर के आठ ग्रामीणों के विस्थापन संबंधी प्रक्रिया में पेंच फंसा हुआ है। जिसमें उनके उम्र को लेकर विरोधाभास है। डीएफओ ने सर्वे दल में गठित टीम में शामिल मेडिकल टीम को उनके उम्र को लेकर मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने को कहा गया है। जिससे कि उनकी उम्र का सही आकलन लग सके और उनको भी पात्रता की सूची मे शामिल किया जा सके। डीएफओ ने बताया कि जल्द ही विस्थापन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।