यूपी के बहराइच में मौसम में लगातार बदलाव जारी है। सुबह-शाम ठंड पड़ने लगी हैं। ऐसे में श्वांस व दिल के मरीजों की मुश्किलें भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी हैं। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी से लेकर इमरजेंसी में देर रात तक मरीज पहुंच रहे हैं। ओपीडी, दवा, पर्चा काउंटर व पैथालॉजी में मरीजों की भीड़ जुट रही है। डॉक्टर मरीजों का इलाज करने के साथ ही बेहद सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
शुक्रवार को दोपहर लगभग 12 मेडिकल कॉलेज के पर्चा काउंटर, पैथालॉजी, ओपीडी में मरीज व उनके तीमारदारों की भीड़ लगी रही। अपने आपको पहले दिखाने के लिए मरीज मशक्कत करते नजर आए। यही नजारा दवा काउंटर व इमरजेंसी में भी देखने को मिला।
ओपीडी में सबसे अधिक भीड़ पहुंची
फिजीशियन की ओपीडी में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ.अंशुमान सिंह श्रीनेत ने बताया कि ठंड पड़ना शुरू हो गई है। श्वांस व दिल के मरीजों की संख्या में बढ़ी है। ओपीडी में आने वाले मरीजों का इलाज करने के साथ ही ठंड से बचने की सलाह दी रही है।
श्वांस के रोगी बरतें ये सावधानी
डॉ.अंशुमान ने बताया कि श्वांस के मरीज धूम्रपान न करें, ठंडे पेय पदार्थों को खाने से बचें। अत्यधिक श्रम न करें, जिससे सांस फूलने लगे। समय-समय पर चिकित्सकों की राय लेते रहें। बाहर की चीजें खाने से परहेज करें। मिर्च-मसाले वाले भोजन को खाने से बचें।
दिल के मरीजों के लिए सावधानी
हृदय रोगी अधिक ठंड में टहलने से बचें। समय-समय पर अपने डॉक्टर से मेडिकल चेकअप कराते रहें। रात के समय हल्का और संतुलित भोजन करना चाहिए। इसमें फल, सब्जियां, होल ग्रेन्स और लीन प्रोटीन शामिल हों। सोने से कम से कम दो घंटे पहले खाना खा लेना चाहिए, ताकि पाचन अच्छी तरह से हो सके। इससे दिल के स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद मिलेगी और हार्ट अटैक का खतरा कम होगा।