पांच दिन पहले एक बच्चे पर हमलाकर मौत के घाट उतार देने वाला तेंदुआ शुक्रवार सुबह पिंजरे में कैद हो गया। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम बीते कई दिनों से प्रयासरत थी।
बहराइच के कतर्नियाघाट वन क्षेत्र के बाजपुर बनकटी गांव में एक बालक को मौत के घाट उतारने वाला तेंदुआ शुक्रवार की भोर में वन विभाग की गिरफ्त में आ चुका है।
विज्ञापन
पांच दिन पूर्व बाजपुर बनकटी गांव के सात वर्षीय बालक अभिनंदन को तेंदुए ने हमला कर उसे मार दिया था। जिसके बाद ग्रामीणों की मांग पर रेन्जर आशीष गौड़ ने वन दरोगा मयंक पांडे के नेतृत्व में विभाग की टीम के साथ मिलकर सीताराम पुरवा और बाजपुर बनकटी गांव के बीच घटनास्थल के समीप एक पिंजरा लगाया था। जिसमें बकरी बांधकर तेंदुए को फंसाने का प्रयास किया जा रहा था लेकिन तेंदुआ पिछले 5 दिनों से चकमा देने के बाद आखिरकार शुक्रवार सुबह बकरी के लालच में पिंजरे में आ फंसा।
तेंदुए के पकड़े जाने की खबर से गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेंदुए को देखने के लिए पिंजरे के पास ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। इस बीच वन विभाग की टीम ने पिंजरे को ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर रेंज कार्यलय कतर्नियाघाट ले गए। रेन्जर आशीष गौंड ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।