हुजूरपुर थानाक्षेत्र में विवाद में क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : BAHRAICH
हुजूरपुर (बहराइच)। जगतापुर गांव में मामूली बात को लेकर गांव के प्रधान ने अपने समर्थकों के साथ जमकर तांडव मचाया। एक ग्रामीण के घर में घुसकर मारा पीटा और बाहर खड़े लगभग छह वाहनों के शीशे को तोड़ दिया। काफी देर बाद मामला जाकर शांत हुआ। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जायजा लिया और पीड़ित की तहरीर पर प्रधान समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने प्रधान समेत दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया।
हुजूरपुर थाना क्षेत्र के जगतापुर गांव निवासी महेश यादव व चैतू यादव के बीच शनिवार की शाम मारपीट हुई। जिस पर पड़ोस में रहने वाले जगदंबा शुक्ला ने बीच बचाव करा दिया। बताया जाता है कि इससे कुछ लोग नाराज हो गए और रविवार को ग्राम प्रधान आलोक अपने साथियों के साथ जगदंबा शुक्ला के घर धावा बोल दिया।
बताया जाता है कि ग्राम प्रधान ने जमकर तांडव मचाया और मारा पीटा। जिसमें तीन-चार लोगों को चोटें भी आई। जगदंबा के घर के बाहर बोलेरो समेत छह गाड़ियां भी खड़ी थीं। जिसको ग्राम प्रधान के साथियों के तोड़ दिया। काफी शोर मचने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो ग्राम प्रधान भाग गए। घटना की सूचना पर हुजूरपुर थानाध्यक्ष दद्दन सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
थाने का हिस्ट्रीशीटर है जगदंबा
ग्राम प्रधान ने जिस घर में तांडव मचाया है। वह घर जगदंबा शुक्ला का है और जगदंबा शुक्ला थाने का हिस्ट्रीशीटर है। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि कहीं न कहीं दोनों के बीच वर्चस्व को लेकर भी विवाद हुआ है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है।
की जा रही कार्रवाई
जगतापुर गांव में जगदंबा शुक्ला के घर पर मारपीट व तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। जगदंबा की तहरीर पर ग्राम प्रधान समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ग्राम प्रधान समेत दो लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। -दद्दन सिंह, थानाध्यक्ष हुजूरपुर