बहराइच। बिजली विभाग की ओर से राजस्व वसूली व बिजली चोरी के खिलाफ चलाया जा रहा चेकिंग अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान विभाग की टीम ने 13 उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कर 22.36 लाख की वसूली की गई। अभियान के तहत उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी की स्थित मची रही।
पावर कॉर्पोरेशन द्वारा लाइन हानियों पर रोक लगाने व राजस्व वसूली को लेकर सौ दिवसीय कार्ययोजना तैयार कर मौजूदा समय सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एक्सईएन मुकेश बाबू ने बताया कि शुक्रवार को विभाग की टीम की ओर से कैसरगंज में चलाए गए अभियान के दौरान 376 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई थी। जिसमें से सात लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराते हुए 172 कनेक्शनों को मौके पर काट दिया गया। जाचं टीम ने 6.12 लाख की वसूली की।
एक्सईएन बाबू ने बताया कि नानपारा में विभाग की टीम ने 312 विद्युत कनेक्शनों की जांच कर 205 बिजली के कनेक्शनों को काटा। इसके साथ ही दो उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कर 7.45 लाख की वसूली की गई। एक्सईएन बाबू ने बताया कि शहर क्षेत्र में विभाग के एसडीओ विजय कुमार की अगुवाई में जेई घंटाघर दशरथ राम, प्रवर्तन दल के उपनिरीरक्षक लल्लूराम रावत, सुशील गोस्वामी समेत विभाग के अन्य कर्मचारियों की टीम ने शहर के मोहल्ला फतेहपुरा, ब्राह्मणीपुरा समेत अन्य मोहल्लों में सघन अभियान चलाकर 227 कनेक्शनो की जांच की।
एसडीओ विजय कुमार ने बताया कि अभियान के तहत फतेहपुरा स्थित अशोका स्टडियो के अजय निगम, अमित अग्रवाल व ब्राह्मणीपुरा निवासी कैलाश शंकर सिन्हा डारेक्ट चोरी करते मिले, जबकि फतेहपुरा निवासी संतोष अग्रवाल मीटर से बाईपास चोरी करते पाए गए। उन्होंने बताया कि सभी के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसडीओ कुमार ने बताया कि जांच के दौरान 11 खराब मीटरों को बदलकर नए मीटर लगाए गए। तीन उपभोक्ताओं की भारवृद्धि कर 45 बकाएदार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शनों को मौके पर काटकर 3.9 लाख की वसूली की गई है।