बहराइच नगर में गुरुवार दोपहर में निकली तेज धूप के बीच स्कूल से लौटती छात्रा।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बहराइच (ब्यूरो)। मौसम में तब्दीली जारी है। बुधवार रात रुक-रुक कर हुई बूूंदाबांदी के बाद गुरुवार की सुबह फुहारों के बीच हुई। हालांकि, इसके बाद तेज धूप ने फिर उमस बढ़ा दी।
लेकिन, अधिकतम पारा 38 डिग्री पर लुढ़कने से राहत जरूर मिली है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी मौसम में दो दिन तक उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
मंगलवार रात से बदले मौसम ने लोगों को राहत दी है। बुधवार रात फिर रुक-रुक कर बूंदाबांदी हुई, जिसके चलते मौसम सुहावना हो गया। खुशनुुमा मौसम का मजा लेने के लिए रात में जो लोग छत और द्वार पर सो रहे थे उन्हें बूंदाबांदी ने परेशान किया।
रात 12 से 1:30 बजे के बीच बूंदाबांदी का दौर चला। वहीं, गुरुवार की भोर भी फुहारों के बीच हुई। सुहावने मौसम में बच्चे खिलखिलाते हुए स्कूल गए लेकिन नौ बजे के आसपास सूरज की तेज चमक ने गर्मी का एहसास कराया। चिलचिलाती किरणों के चलते दोपहर में उमस और गर्मी ने बेहाल किया।
फसल अनुसंधान केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. एमवी सिंह ने बताया कि अभी मौसम में दो दिन तक उतार चढ़ाव के संकेत मिल रहे हैं। उसके बाद पुन: गर्मी का सामना करना पड़ेगा।