बहराइच में चिलचिलाती धूप में सिर पर गमछा लपेटकर गुजरते लोग। -संवाद
बहराइच। जिले में भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया। सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को घर में रहने पर मजबूर कर दिया। दोपहर होते-होते लू के तेज थपेड़ों ने हालात और खराब कर दिए।
शहर के चौक बाजार, रोडवेज मार्ग, पीपल तिराहा और कचेहरी रोड पर जरूरी काम से निकले लोग गमछा, कपड़ा और दुपट्टे से खुद को ढकते दिखे। पानीटंकी रोड, स्टेडियम रोड और डिगिहा से छावनी रोड तक दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में भी ग्राहकों की कमी दिखी और दुकानदार खाली बैठे नजर आए।
ग्रामीण इलाकों में किसान सुबह और शाम के समय ही खेतों में काम कर पा रहे हैं, जबकि दोपहर में खेत सूने पड़े रहते हैं। गर्मी का असर अस्पतालों में भी दिख रहा है, जहां लू और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। खासकर बच्चों के वार्ड में भी मरीज बढ़े हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अगले तीन-चार दिनों तक 20 से 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लू चल सकती है। तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है और फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं।