नानपारा में शनिवार को हुए हादसे में क्षतिग्रस्त ई रिक्शा। -संवाद
नानपारा। लक्ष्मणपुर मटेही के कौवा भारी निवासी व्यक्ति अपने मासूम भतीजे के साथ शनिवार को ई रिक्शा से गैस सिलिंडर लेने नानपारा जा रहे थे। रास्ते में पीछे से एक तेज रफ्तार कार ने ई रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि ई रिक्शा में बैठी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
लक्ष्मणपुर मटेही निवासी मौजीलाल (45) अपने पांच माह के मासूम भतीजे सतगुरुपाल व भाई की पत्नी अंजना देवी के साथ गैस सिलिंडर लेने नानपारा जा रहे थे। ई रिक्शा रिसिया के हुसैनीपुरवा निवासी शकील (32) चला रहे थे। ई रिक्शा के रजवापुर के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई रिक्शा में सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी नानपारा पहुंचाया। सीएचसी में घायलों का परीक्षण कर चिकित्सकों ने मौजीलाल, सतगुरुपाल व ई रिक्शा चालक शकील को मृत घोषित कर दिया।
घायल महिला अंजना को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।