बहराइच। विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन तीन प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। सपा के पयागपुर उम्मीदवार ने शुभ मुहूर्त देखकर ही नामांकन कराया। इनके अलावा कांग्रेस व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवारों ने भी नामांकन कराया। पयागपुर विधानसभा से एक और नानपारा विधानसभा से दो प्रत्याशियों ने बृहस्पतिवार को नामांकन कराया। नामांकन स्थल पर प्रत्याशी के साथ दो अन्य लोगों को ही जाने की अनुमति मिली। सुरक्षा के मद्देनजर भारी फोर्स तैनात रही। कलेक्ट्रेट गेट के अंदर सीओ सिटी व सिटी मजिस्ट्रेट गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
जिले में नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन सपा के पयागपुर प्रत्याशी मुकेश श्रीवास्तव, नानपारा विधानसभा से कांग्रेस के उम्मीदवार अब्दुल मोहम्मद सिद्दीकी व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नानपारा से उम्मीदवार कुलेराज यादव ने नामांकन कराया। सपा के प्रत्याशी मुकेश श्रीवास्तव ने नामांकन के लिए पंडित से मुहूर्त निकलवाया और मुहूर्त के मुताबिक ही घर से निकले। बताया जाता है कि नामांकन स्थल पर मुहूर्त के समय से थोड़ा पहले पहुंच गए तो अस्पताल चौराहे पर स्थित एक दुकान पर रुक गए। लगभग एक बजकर 25 मिनट पर वह अपने काफिले के साथ पहुंचे।
यहां डीएम तिराहे के पास ही उनकी तीनों गाड़ियों को रोक दिया गया। इसके बाद उन्होंने पूर्व विधायक दिलीप वर्मा और एक अन्य साथी के साथ एक बजकर 35 मिनट पर कलेेक्ट्रेट गेट के अंदर प्रवेश किया। लगभग दो बजे के बाद ही नानपारा से कांग्रेस के उम्मीदवार अब्दुल मोहम्मद सिद्दीकी व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नानपारा से उम्मीदवार कुलेराज यादव भी पहुंचे और पर्चा दाखिल किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट गेट पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सीओ सिटी विनय द्विवेदी व सिटी मजिस्ट्रेट ज्योति राय कलेक्ट्रेट परिसर में निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था व अन्य गतिविधियों का जायजा लेती रहीं। शांति व्यवस्था के बीच हुए नामांकन के बाद जिला प्रशासन संतुष्ट दिखा।
नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन भले ही तीन प्रत्याशियों ने नामांकन कराया हो, लेकिन नामांकन कराने के लिए उम्मीदवारों व उनके सहयोगियों ने पर्चों की खूब खरीददारी की। अनुमान के तौर पर लगभग 40 पर्चे बृहस्पतिवार को बिके। कयास लगाया जा रहा है कि शुक्रवार को भी कई प्रत्याशी नामांकन करा सकते हैं।
नामांकन प्रक्रिया को सकुशल निपटाने के लिए डीएम डॉ. दिनेश चंद्र व एसपी केशव चौधरी पल-पल की जानकारी लेते रहे। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वहां मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए और बैरियर से लेकर कलेक्ट्रेट गेट तक तैनात दरोगा व सिपाहियों को भी मुस्तैदी से डटे रहने के निर्देश दिए। दोपहर में एसपी ने कलेक्ट्रेट गेट के पास पहुंचकर निरीक्षण भी किया।