बहराइच। राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ ने जिला चिकित्सालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। संघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के स्थानांतरण की मांग करते हुए भ्रष्ट चिकित्सकों को भी चिह्नित कर कार्रवाई की मांग की है।
राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के प्रदेश महासचिव सत्येंद्र शुक्ला व जिलाध्यक्ष प्रदीप पांडेय ललऊ की अगुवाई में संगठन के पदाधिकारी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर पर एकत्रित हुए। यहां सभी ने जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर कहा कि जिले में कोरोना की तीसरी लहर ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले वर्ष कोरोना की दूसरी लहर में जिला चिकित्सालय प्रशासन की लापरवाही से जिलेवासियों ने कई अपनों को खो दिया था। हालांकि चिकित्सालय में कुछ चिकित्सकों ने नि:स्वार्थ भाव व मानवता की सेवा करते हुए मिसाल कायम की थी, लेकिन कुछ चिकित्सकों ने अवसर का नाजायज लाभ उठाकर मानवता को शर्मसार भी किया था। ऐसे भ्रष्ट चिकित्सकों पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य कार्रवाई करने में पूरी तरह अक्षम साबित हुए थे। जिससे प्राचार्य की कार्यशैली पर भी कई सवाल उठने लगे हैं।
पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में कोरोना की तीसरी लहर की दस्तक के बावजूद जिला चिकित्सालय की व्यवस्था लचर स्थित में हैं। तीसरी लहर में कोई निर्देश नागरिक की जान इन भ्रष्ट चिकित्सकों की भेंट न चढ़े, इसके लिए जिले के मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य का स्थानांतरण अत्यंत आवश्यक है। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए प्राचार्य का स्थानांतरण कराते हुए प्राचार्य के पद पर किसी ईमानदार चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान विभा पाठक, मंजुला पाठक, अर्चना मिश्रा, रेखा शर्मा, सुनयना मिश्रा, सरिता पाठक, अंजू मिश्रा, सुधा पाठक, आराधना गुप्ता आदि मौजूद रहे।