शहनवाजपुर में प्रदर्शन करते हादसे में मृतक मजदूरों के परिजन। स्रोत-ग्रामीण
- लेजर रिसॉर्ट में निर्माणाधीन छत गिरने से दो मजदूरों की मौत का मामला
- मृतकों के परिजनों ने रिसॉर्ट के मालिक की सहायता राशि ठुकराई
संवाद न्यूज एजेंसी
रिसिया (बहराइच)। कोतवाली देहात के बहराइच-सीतापुर मार्ग स्थित लेजर रिसॉर्ट में शुक्रवार की रात निर्माणाधीन भवन की छत ढह गई थी। जिसके नीचे दबकर रिसिया के दो श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मौत के बाद पुलिस ने लेजर रिसॉर्ट के मालिक समेत तीन पर मुकदमा दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रविवार को मृतकों के परिजनों ने गांव में प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री व डीजीपी को शिकायती पत्र भेज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। यही नहीं लेजर रिसॉर्ट के मालिक की ओर से भेजा गया चेक भी परिजनों ने वापस कर दिया।
कोतवाली देहात के लेजर रिसॉर्ट में छत गिरने से उसके नीचे दबकर रिसिया थाना क्षेत्र के शहनवाजपुर निवासी सलीम उर्फ नसीब (28) व जोगेन्द्र पाल (24) की मौत हो गई थी। वहीं नौ श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौत के बाद मृतकों के परिजनों ने लापरवाही व जबरन काम करवाने का आरोप लगाते हुए लेजर रिसॉर्ट के मालिक डॉ. अनिल केडिया, आर्किटेक्ट प्रदीप अग्रवाल, ठेकेदार राजेश व तीन अज्ञात पर गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा किया था। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर रविवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांंग को लेकर प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री व डीजीपी को ऑनलाइन शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। प्रदर्शन में पिटूं, बबलू, राजेन्द्र, मुख्तार आदि शामिल रहे।
सहायता राशि ठुकराई, श्रम विभाग पर भी आरोप
दो मौतों से रविवार को सहनवाजपुर गांव में सन्नाटे की स्थित रही। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। शनिवार की शाम लेजर रिसॉर्ट के मैनेजर द्वारा भेजे गए चेक को लेने से भी परिजनों ने इंकार कर दिया। रविवार को बिलखते हुए मृतक जोगेंद्र पाल की पत्नी रागनी ने आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस व श्रम विभाग के अधिकारी कार्रवाई करने से बच रहे हैं। श्रम विभाग को भी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करवाना चाहिए था और गिरफ्तारी करवानी चाहिए थी। वहीं मृतक सलीक की पत्नी सलमा ने भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की।