कतर्निया के ट्रांस गेरुआ इलाके के कौड़ियाला बीट में शनिवार को एक हाथी का शव मिला है। बाघों के हमले में वन विभाग हाथी की मौत की आशंका जता रहा है। हालांकि शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। शव मिलने वाले स्थान पर कैमरा लगाकर हमले के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत कौड़ियाला बीट में शनिवार को वनकर्मी गश्त कर रहे थे। तभी कुछ दुर्गंध का एहसास हुआ। मौके पर एक नर हाथी मरा हुआ मिला। बेंत के जंगल में मिले हाथी के शव की सूचना पर दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक, प्रभागीय वनाधिकारी यशवंत सिंह, डब्लूडब्लूएफ के परियोजना अधिकारी दबीर हसन वनकर्मियों व एसएसबी के जवानों के साथ पहुंच गए।
निरीक्षण के बाद डीएफओ ने बताया कि बेंत की झाड़ियों में शव उलझा हुआ था। शव करीब दो दिन पुराना लग रहा है। हाथी के दांत व अन्य अंग सुरक्षित हैं। जबकि सूंड़ का निचला भाग, दोनों कान एवं गर्दन के ऊपरी हिस्से को बाघों द्वारा खाया गया है। मौके पर एक से अधिक बाघों के पदचिन्ह मिले हैं। डीएफओ ने बताया कि मौके पर चार कैमरे लगाए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा।