मिहींपुरवा में खंड विकास कार्यालय का घेराव करतीं समूह की महिलाएं।
- फोटो : BAHRAICH
मिहीपुरवा (बहराइच)। विकासखंड मिहीपुरवा में ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कार्यरत समूह सखी की महिलाओं ने मंगलवार को भ्रष्टाचार की जांच करने पहुंची टीम के सामने प्रदर्शन किया। छह सदस्यीय टीम समूह की महिलाओं द्वारा पिछले दिनों जिला मिशन प्रबंधक व ब्लॉक मिशन प्रबंधक पर लगाए गए भ्रष्टाचार व अभद्रता के आरोप की जांच करने पहुंची थी। महिलाओं ने जांच टीम पर उनका पक्ष न सुनने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन व नारेबाजी की।
ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यालय पर कार्यरत मिशन प्रबंधक व ब्लॉक मिशन प्रबंधक पर समूह की महिलाओं ने भ्रष्टाचार व अभद्रता करने का आरोप लगाया था। जिस पर जिलाधिकारी की ओर से छह सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया था। मंगलवार को जांच टीम की सदस्य सहायक अभियंता निशी गंगवार, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी रामेंद्र सिंह, राजस्व निरीक्षक प्रतिभा श्रीवास्तव, अपराजिता संगठन से किरन वैश्य व सहायक अभियोजन आशा यादव जांच के लिए विकास खंड परिसर पहुंची।
टीम ने जांच शुरु ही की थी कि तभी सैकड़ों की संख्या में पहुंची समूह की महिलाओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाएं जांच अधिकारियों से बात करने व उनका पक्ष सुनने की बात कह रही थी। प्रदर्शन बढ़ता देख बीडीओ रामेंद्र कुशवाहा ने मोतीपुर पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस के समझाने पर महिलाएं शांत हुई। इस संबंध में जब जांच टीम की सदस्य निशी गंगवार ने बात की गई तो उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ताओं के आरोप पर जांच की जा रही है। शिकायतकर्ताओं को बुलाकर उनकी भी बात सुनी गयी है। बीडीओ रामेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जांच समिति काफी निष्पक्षता से मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी कर दो तीन दिन में निष्कर्ष निकाल लिया जाएगा।