शेखदहीर गांव के मजरा मुजेहना टेपरा गांव निवासी एक ग्रामीण के घर पर बुधवार को मुंडन संस्कार के मौके पर रात में नृत्य का कार्यक्रम था। इसमें ग्रामीण ने सिर्फ गांव के अपने लोगों को ही आमंत्रित किया था। लेकिन देर रात पड़ोस के धन्नी पुरवा निवासी छह लोग नृत्य कार्यक्रम में पहुंच गए और अश्लील गानों की फरमाइश शुरू कर दी। आयोजक परिवार के सदस्यों ने विरोध किया तो सभी ने हमला कर उत्पात मचाया।
इस दौरान आरोपियों ने कट्टे से कई चक्र फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से मासूम समेत चार लोग घायल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं।
कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पंचायत शेखदहीर के मजरा मुजेहना टेपरा निवासी धनीराम के घर में भतीजे का मुंडन संस्कार बुधवार को था। दिन में धूमधाम से कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर रात में नर्तकियों को बुलाया गया था। रात करीब नौ बजे नृत्य का कार्यक्रम शुरू हुआ।
नृत्य देखने के लिए धनीराम ने हितमित्र और पट्टीदारों को ही आमंत्रित किया था। लेकिन रात करीब 11 बजे पड़ोसी गांव धन्नीपुरवा निवासी जाकिर, इमरान, हारुन समेत आधा दर्जन युवक युवक नृत्य कार्यक्रम में पहुंच गए। सभी बैठकर नृत्य देखने लगे। इसी दौरान जाकिर और इमरान ने नर्तकियों से अश्लील गानों की फरमाइश की। इसका आयोजक परिवार के सदस्यों ने विरोध किया।
इसको लेकर हुई कहासुनी के दौरान पड़ोसी गांव से आए युवकों ने लाठी से हमला कर सभी को पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक युवक ने कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से भूरे (25) पुत्र बांकेलाल छटपटाने लगा। तभी अन्य लोग बचाने दौड़े। इस दौरान आरोपी युवक ने पुन: फायर झोंक दिया। जिसमें छर्रा लगने से धनीराम के रिश्तेदार शिवनहा हुजूरपुर निवासी रमेश निषाद (38), मुजेहना निवासी साजन (5), परसपुर गोंडा निवासी माधव (40) लहूलुहान हो गए।
चीख पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़े। अपने को घिरता देख हमलावर युवक असलहे लहराते हुए मौके से भाग गए। तत्काल 100 नंबर पर सूचना दी गई। इस दौरान गश्ती पुलिस टीम के साथ कोतवाली देहात की पुलिस भी मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक आरपी यादव ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर लेकर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।