दहेज में 50 हजार रुपये व बाइक नहीं मिलने पर ससुरालीजनों ने मोतीपुर क्षेत्र में एक महिला को रविवार देर रात मारा पीटा और फिर जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डाला। इस घटना की पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मायके के लोग वहां पहुंचे लेकिन तब तक महिला के ससुरालीजन फरार हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी पति को दोपहर बाद गिरफ्तार कर लिया लेकिन अन्य आरोपी फरार है। मोतीपुर थानान्तर्गत मोगलहनपुरवा निवासी संजू (21) का विवाह दो वर्ष पूर्व अखिलेश यादव के साथ हुआ था।
आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ससुरालीजन 50 हजार रुपये और बाइक की डिमांड करने लगे। संजू ने इस बारे में मायके खैरीघाट क्षेत्र के नेवादापुरी गांव में सूचना दी। मायके वाले आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के चलते संजू के ससुरालीजनों की डिमांड पूरी नहीं कर सकें। कुछ समय बाद बाइक व रुपये देने की बात कही।
इसके बावजूद दहेज के लिए संजू का उत्पीड़न थमा नहीं। आरोप है कि रविवार रात ससुराल के लोगों ने संजू को मारापीटा और फिर जहरीला पदार्थ पिला दिया। संजू के चीखने चिल्लाने पर ससुराल के लोग फरार हो गए। पड़ोसियों ने घटना की सूचना संजू के मायकेवालों को दी। वह आनन-फानन में बेटी की ससुराल पहुंचे लेकिन तब तक संजू की मौत हो चुकी थी।
मृतका के भाई अंगद यादव की सूचना पर मोतीपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद अग्निहोत्री गांव पहुंच छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ का कहना है कि मृतका के पति अखिलेश यादव, सास फूला देवी और ससुर कंधई लाल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। इनमें आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।