मोबाइल फोन पर बात करने के बाद बुधवार शाम घर से निकली महिला की हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के एक व्यक्ति के अहाते में पड़ा मिला। महिला की नाक से खून निकला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पुत्री की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है।
मल्हीपुर क्षेत्र में ग्राम लक्ष्मनपुर मजरा गंगापुर निवासी राजितराम कांदू अपने दो पुत्रों के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। घर में उसकी पत्नी सुभद्रा कांदू (45) व पुत्री बन्नी (15) रहती थी। बुधवार देर शाम सुभद्रा के मोबाइल फोन पर किसी की कॉल आई। फोन पर बाद करने के बाद सुभद्रा घर से बाहर निकल गई। रात तक वह वापस नहीं लौटी।
पुत्री बन्नी ने मोहल्ले के लोगों को मां के लापता होने की बात बताई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को सुभद्रा की लाश गांव के ही विद्याराम वर्मा के अहाते में पड़ी मिली। उसके नाक से खून निकला था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा।
बन्नी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर किया है। प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर रामस्वभाव वर्मा के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। घटना की जांच की जा रही है।