नानपारा कोतवाली क्षेत्र के गोसाईं विश्वनाथपुर गांव निवासी एक महिला को सोमवार की रात 20 हजार रुपये और बाइक न मिलने पर उसके पति व ससुराल के अन्य सदस्यों ने लाठियों से पीटा और मरणासन्न होने पर गला दबाकर हत्या कर दी। इस मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फरार पति व अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के गोसाईं विश्वनाथपुर गांव निवासी ननकी (22) का विवाह सात वर्ष पूर्व गांव के ही रहने वाले राजेंद्र उर्फ अल्लू के साथ हुआ था। विवाह के दो वर्ष बाद गौना हुआ। इसके साथ ही ननकी विदा होकर ससुराल पहुंच गई, लेकिन बमुश्किल पांच-छह महीने ही उसका वैवाहिक जीवन हंसी-खुशी भरा रहा।
इसके बाद दहेज में 20 हजार रुपये और बाइक न मिलने की बात पर उसे ताना दिया जाने लगा। बीते एक साल में तीन बार उसकी पिटाई कर ससुरालीजनों ने घर से भी भगा दिया। इस पर ननकी ने मायके पहुंचकर व्यथा सुनाई। जिसके चलते पिता रामकुमार सोनकर ने बेटी के ससुरालीजनों से बातचीत कर सुलह-समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन उत्पीड़न थमा नहीं।
रामकुमार का कहना है कि सोमवार की रात उसकी बेटी की लाठियों से पिटाई की गई। सुबह उसे फिर मारापीटा गया। आसपास के लोगों ने चीखने की आवाज सुनी। लेकिन कुछ देर बाद दामाद व परिवार के अन्य सदस्य घर से चले गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गांव में मायके में दी, तब रामकुमार परिवारीजनों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां आंगन में ननकी का शव पड़ा था। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। गला भी दबा हुआ था।
मायके के लोगों ने मामले की सूचना कोतवाली को दी। प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने गांव पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति राजेंद्र, ससुर रिक्खीराम, देवर गोविंद और प्रह्लादी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।