रुपईडीहा (बहराइच)। नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही चरस की खेप के साथ एक नेपाली युवक को एसएसबी के जवानों ने शुक्रवार सुबह नोमेंस लैंड के पास दबोचा। वह चरस की खेप गोंडा के रास्ते दिल्ली भेजने की फिराक में था।
बरामद चरस की कीमत एसएसबी के मुताबिक लगभग 50 लाख के आसपास है। चरस को सीज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
एसएसबी सातवीं वाहिनी के सहायक सेनानायक विपिन शर्मा ने बताया कि शुक्रवार भोर में नेपाल से चरस की बड़ी खेप आने की सूचना मिली थी। इस पर नारकोटिक्स कंट्रोल बोर्ड लखनऊ के सूचना अधिकारी बोधराज टीम के साथ रुपईडीहा आए थे।
विज्ञापन
टीम के साथ एसएसबी जवानों को गश्त पर भेजा गया। गश्त के दौरान नोमेंस लैंड के पिलर संख्या 30 के पास नेपाल की ओर से एक युवक संदिग्ध हालत में सीमा पार करता दिखा। घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। युवक के बैग से पांच किलो चरस बरामद हुई है।
युवक की पहचान नेपाल के जिला कालीकोट सबोदी निवासी रतन बहादुर खांडे के रूप में हुई है। युवक ने बताया कि उसे चरस गोंडा तक पहुंचाने के लिए पांच हजार रुपये दिए गए थे। चरस की यह खेप गोंडा के रास्ते ट्रेन द्वारा दिल्ली भेजी जानी थी।