सबुना गांव का एक युवक पास के ही गांव की लड़की को लेकर भाग गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष लाठी-डंडों के साथ भिड़ गए। घटना में दोनों पक्ष के छह लोग घायल हो गए। मारपीट की सूचना पर दो थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू की गई है।
रुपईडीहा थाना अंतर्गत सबुना गांव निवासी आरिब पुत्र छेदा दो माह पूर्व पड़ोस के गांव निवासी 18 वर्षीय युवती को लेकर भाग गया। शनिवार सुबह युवक-युवती को लेकर सबुना गांव चला आया। शनिवार दोपहर में आरिब के बहनोई याकूब सब्जी लेने बाजार गए। वहीं पर युवती के पक्ष के लोगों से कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
सूचना पाकर युवक पक्ष के लोग भी आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में सैफू, भाई पुत्र मलंग, जहांगीर, बतासा, सैफुल समेत छह लोग घायल हुए हैं। सभी को पीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर थानाध्यक्ष एके यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन मामला बिगड़ता देख नवाबगंज थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार को भी फोर्स के साथ बुलाया गया। तब जाकर झगड़ा शांत हुआ।