कौशाम्बी में शुक्रवार रात रिटायर्ड इंजीनियर समेत दो लोगों की हत्या कर दी गई। कोखराज के भरवारी कस्बे में लूटपाट करने आए नकाबपोश बदमाशों ने रिटायर्ड इंजीनियर की हत्या करने के बाद उसकी पत्नी को भी मरणासन्न कर दिया। उधर, सरायअकिल के अतरसुइया गांव में सौतेले भाई ने मामूली विवाद में अधेड़ को कुल्हाड़ी से वार कर मौत की नींद सुला दिया। दोनों ही परिवारों में कोहराम मचा है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के भरवारी भवंस मेहता कैंपस निवासी कृपाशंकर टैगोर (80) पुत्र साहब सिंह टैगोर रिटायर्ड इंजीनियर थे। उनके दो बेटे इलाहाबाद में रहते हैं। कृपाशंकर पत्नी केशपति के साथ 40 साल से भरवारी में रह रहे थे। शुक्रवार रात चैनल का ताला तोड़कर घर के भीतर घुसे नकाबपोश बदमाशों ने दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने दंपती को पीटकर मरणासन्न कर दिया। इसके बाद आलमारी का ताला तोड़कर 50 हजार नगदी समेत करीब एक लाख के जेवरात समेट ले गए। खून से लथपथ दंपती की चीख सुन मोहल्ले के लोग दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस के साथ दंपती के बेटों को देते हुए उन दोनों को नजदीकी अस्पताल ले गए। मगर वहां घायल इंजीनियर की मौत हो गई जबकि पत्नी जीवन और मौत से जूझ रही है। मृतक के बेटे अवनी टैगोर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस घटना की तफ्तीश में जुटी है।
उधर, शनिवार सुबह सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के अतरसुइया गांव निवासी जग्गा यादव (45) को सौतेले भाई ने कुल्हाड़ी से मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पत्नी गंगिया देवी ने बताया कि सुबह हैंडपंप के पानी की निकासी को लेकर उसकी झड़प हुई थी। दिनदहाड़े अधेड़ की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सीओ चायल और कई थानों की फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी गंगिया देवी की तहरीर पर सौतेले भाई अर्जुन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।