अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को हुए सड़क हादसों में सात प्रशिक्षु शिक्षक समेत 13 लोग घायल हो गए। एक की हालत नाजुक होने पर उसको जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
पयागपुर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से प्रशिक्षु शिक्षकों को लेकर जा रहा आटो गोंडा-बहराइच मार्ग पर बेरिया गांव के निकट साइकिल सवार को बचाने में पलट गया। हादसे में श्यामपुर नदौना निवासी अर्चना चतुर्वेदी, रुपेंद्री शैली, बरौंवा निवासी रीना मोदी, डिहवा नदौना निवासी श्रेया कश्यप, मंजू त्रिपाठी, ज्योति ओझा व सत्तीकुंआ बहराइच निवासी अल्ताफ तथा चालक घायल हो गया।
सूचना पर कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने घायल प्रशिक्षु शिक्षकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अल्ताफ की हालत काफी नाजुक होने के चलते उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
उधर नवाबगंज के हज यात्रियों को लखनऊ में छोड़कर वापस घर लौट रही जीप लखनऊ-बहराइच मार्ग पर नवोदय विद्यालय के निकट पलट गई। इससे जीप सवार हाफिज वजहुल कमर (47), शब्बीर खां (45) निवासी भोपतपुर चौकी, शाहजहां (65) पत्नी बेचन, आबिद खां (35) निवासी राजापुर श्रावस्ती तथा चालक शमशेर पुत्र कमर निवासी नवाबगंज घायल हुए हैं।