नानपारा (बहराइच)। दहेज न मिलने पर ससुरालीजनों ने गला दबाकर बहू को मार डाला। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ननद पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शेखापुर गांव निवासी बच्छन खां पुत्र ताहिर खां पुत्री शबाना (25) का विवाह पांच वर्ष पूर्व नानपारा के अमवा मौलवी गांव निवासी शाहिद पुत्र साबिर निवासी से हुआ था।
शादी के बाद से ही दहेज में बाइक व पचास हजार रुपये नहीं मिलने के कारण उसे परेशान किया जा रहा था। कई बार उसे मारा पीटा भी गया था। इसकी शिकायत उसने मायके में की थी।
हालांकि, मायके वालों से सिर्फ आश्वासन मिला। बुधवार सुबह उसके पिता बच्छन को गांव के लोगों ने पुत्री की मौत होने की सूचना दी। उसके ससुराल पहुंचने पर गले पर निशान मिले।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक एसके त्रिपाठी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर उसके पति शाहिद, सास मीना और ननद के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।