रिसिया स्थित एक राइस मिल में काम करने गए युवक की हत्या कर दी गई। इस घटना में एक घंटे तक गलत सूचना देकर परिवारीजनों को भ्रमित किया गया। युवक का दो दिन पूर्व मिल के मुनीम से ड्यूटी लगाने को लेकर विवाद हुआ था। मृतक के पिता का कहना है कि उसी रंजिश के चलते मुनीम ने हत्या कर दी। पुलिस ने गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
रिसिया क्षेत्र में ग्राम नंदा पुरवा विश्रामघाट निवासी सतीश यादव (18) पुत्र कन्हैया लाल का परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर है। मेहनत मजदूरी कर संतोष परिवार का भरण पोषण करता था। कन्हैया लाल का कहना है कि दो दिन पूर्व ड्यूटी को लेकर सतीश ने राइस मिल के मुनीम से विवाद होने की बात बताई थी। यह भी कहा था कि मुनीम ने धमकी दी है।
परिवार व सतीश ने विवाद को गंभीरता से नहीं लिया। कन्हैया लाल का कहना है कि शनिवार शाम सतीश ड्यूटी पर गया था। रात 12:30 बजे मिल से फोन कर सूचना दी गई कि सतीश की तबीयत काफी खराब है। उसे बहराइच ले जाना पड़ेगा। कन्हैया लाल परिवारीजनों के साथ रात में ही बदहवाश हालत में मिल पर पहुंचे तो पता चला कि सतीश को बहराइच ले जाया गया है।
पिता का कहना है कि जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने बताया कि सतीश की एक घंटा पहले ही मौत हो चुकी है। इस पर परिवारीजन विलख उठे। पिता का कहना है कि मुनीम से हुए विवाद के चलते बेटे की हत्या की गई है। पुलिस गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन कर रही है।