फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संपत्ति के लिए मां को पीटा, भाइयों पर फायर

Sat, 20 Feb 2016 09:55 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बहराइच
विज्ञापन
विज्ञापन
रिसियामोड़ (बहराइच)। जायदाद में और अधिक हिस्सा मांग रहा बेटा शनिवार सुबह अपनों का ही दुश्मन बन बैठा। पहले उसने मां को पीटा और जब भैया-भाभी व छोटा भाई बचाने दौड़े तो उन पर फायर झोंक दिया।
विज्ञापन


गोली लगने से दंपती समेत चार लोग घायल हुए हैं। बड़े भाई की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। आरोपी युवक की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। वारदात रिसिया थाना अंतर्गत छेदीपुरवा देवरनिया गांव की है।

यहां के निवासी सगीर, शकील और अकरम सगे भाई हैं। संपत्ति को लेकर शकील आए दिन घर में विवाद करता था। इसके चलते सगीर (38) अपनी पत्नी फूलजहां (35), मां कमरुनिशां (60) व छोटे भाई अकरम (14) के साथ मकान के दूसरे हिस्से में रहने लगा लेकिन शकील को बंटवारा रास नहीं आया।
विज्ञापन


वह अक्सर बंटवारे में बड़े भाई को संपत्ति का अधिक हिस्सा देने का आरोप लगाते हुए सबसे झगड़ता था। शनिवार सुबह भी इसी मामले को लेकर वह मां से झगड़ रहा था।

मां के विरोध करने पर शकील उन्हें पीटने लगा। कमरुनिशां की चीख सुनकर सगीर, फूलजहां और छोटा भाई अकरम पहुंच गए। सगीर ने मां को पीटने पर शकील को फटकारा तो उसने तमंचे से फायर झोंक दिया।

गोली सगीर के पेट में लगी जबकि छर्रे लगने से छोटा भाई अकरम भी घायल हो गए। फूलजहां ने शकील के हाथ से तमंचा छीनने की कोशिश की तो उसने तमंचे के बट से भाभी के सिर पर वार कर दिया।


चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग दौड़ पड़े। तब शकील मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना थाने पर दी। थानाध्यक्ष आलोक राव ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

यहां प्राथमिक उपचार के दौरान सगीर की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि सगीर की तहरीर पर शकील के खिलाफ हमला व फायरिंग का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी फरार है, उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें