फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्रवाई की मांग कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज

Wed, 31 May 2017 10:52 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/बहराइच
विज्ञापन
बहराइच में बुधवार को गिरफ्तार उत्पात मचाने के आरोपी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शहर के छोटी बाजार में स्थित प्रसाद वितरण पंडाल में मंगलवार की शाम को कई युवकों ने घुसकर जमकर उत्पात मचाया। असलहे लहराते हुए प्रसाद को फेंक दिया। इसके बाद देर रात तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
विज्ञापन


कुछ देर बाद फिर से लोगों ने उत्पात मचाने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग करते हुए अस्पताल चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज किया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर सात लोगों को नामजद करते हुए धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और बलवा करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रात में सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी को जेल भेज दिया गया है।

कानूनगोपुरा दक्षिणी में मोहल्लेवासियों की ओर से जेठ माह के बड़े मंगल के अवसर पर प्रसाद का वितरण किया जा रहा था। इसी बीच आसपास के कुछ युवकों ने पहुंचकर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। इससे लोग आक्रोशित हो उठे। सभी ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलने पर पहुंचे एएसपी देहात देवेंद्र नाथ व अन्य पुलिस कर्मियों से लोगों ने धक्कामुक्की की।
विज्ञापन


एडीएम विद्याशंकर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह आदि भी मौके पर पहुंच गए थे। आरएएफ भी बुला ली गई थी। देर रात लोगों ने अस्पताल चौराहे पर जाम लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को प्रदर्शन शुरू किया। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद एक बार फिर से देर रात अस्पताल चौराहे पर लोग जमा होकर नारेबाजी करने लगे।

इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को चौराहे से हटाया। सीओ सिटी विजय शंकर मिश्र ने बताया कि मोहल्ला निवासी संतोष पुत्र उमाशंकर की तहरीर पर सात लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज किया गया है। इसमें छोटू पुत्र अजीज, चुन्ना पुत्र अजीज, नसीम व वसीम पुत्र शमीम और आलम पुत्र पल्लू, अब्दुल रजाक और मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उपद्रव के दौरान सड़क पर गिरे प्रसाद को प्रशासन हटवाने लगा था। इसे लेकर छात्रनेता नीरव सिंह समेत अन्य लोगों व प्रशासन के बीच तकरार शुरू हो गई। इसी बीच पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा नेता राहुल राय, जितेंद्र सिंह जीतू, हरिश्चंद्र गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, जय प्रकाश शर्मा, संतोष त्रिपाठी, राधारमन यज्ञसैनी, राजकुमार सोनी आदि ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।  

 एसपी सुनील सक्सेना ने बताया  रात में कानूनगोपुरा में प्रसाद वितरण को लेकर हुए हंगामे के बाद कुछ लोग अस्पताल चौराहे पर जमा हो गए थे। इससे अव्यवस्था फैलने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसके चलते ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों ने पहले समझाया बुझाया। फिर डंडा फटकारा। इस पर लोग भाग खड़े हुए। लाठीचार्ज नहीं हुआ है। न ही किसी के चोट खाने की खबर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें