नानपारा रेलवे स्टेशन के पास किराए के घर में रहने वाली विवाहिता की बुधवार सुबह हत्या कर दी गई। घटना के बाद से उसका पति नदारद है। ऐसे में उसी पर पत्नी की हत्या करने का शक है।
नानपारा में रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले दिनेश दुबे के मकान का एक हिस्सा माह भर पूर्व इटावा निवासी फेरी व्यवसायी एवरन ने किराए पर लिया था। एवरन फेरी लगाकर साड़ी बेचता है।
बुधवार सुबह तूफान व बारिश थमने पर एवरन साइकिल पर साड़ी का गट्ठर लादकर घर से निकला था। कुछ देर बाद मकान मालिक की बहन ने एवरन के कमरे में सन्नाटा देखकर उसकी पत्नी सुषमा देवी (22) को आवाज लगाई।
कोई जवाब नहीं मिलने पर दिनेश की बहन ने दरवाजे पर धक्का दिया तो सुषमा फर्श पर पड़ी थी। उसके मुंह से खून निकाल रहा था। सूचना पाकर मकान मालिक व आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
कोतवाली को खबर देने पर उपनिरीक्षक अशोक सिंह, कांस्टेबिल सुनील गुप्ता और तृप्ति मौके पर पहुंचे। एवरन को फोन किया गया मगर उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था। छानबीन में पता चला कि सुषमा की गला दबाकर हत्या की गई है।
डिहवा थाना रिसिया में रहने वाले सुषमा के पिता रामअचल को घटना की सूचना दी गई। इस पर देर शाम रामअचल नानपारा पहुंचे और उन्होंने भी बेटी की हत्या की आशंका जताई।
प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने बताया कि मजिस्ट्रेट हरिश्चंद्र की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मकान मालिक व मृतका के पिता दोनों ही पति पर हत्या का शक जता रहे हैं। ऐसे में उसकी तलाश की जा रही है।