Mangalore police station revealed SSP Rajeev Swaroop kidnapping and murder.
- फोटो : amarujala
जिले में आपराधिक घटनाओं का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार की रात रामगांव थाना क्षेत्र के एक गांव में मां के साथ घर में सो रही किशोरी को कुछ युवक कट्टे के बल पर अगवा कर ले गए। दबंगों ने खुद को पुलिस होने की बात कहकर दरवाजा खुलवाया। मां के विरोध करने पर उसे मारापीटा। उधर, जरवलरोड थाना क्षेत्र में एक किशोरी को अगवा कर लिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब तक अगवा किशोरियों का पता नहीं लग सका है।
रामगांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ घर में रहती है। महिला का कहना है कि बुधवार की रात करीब 12 बजे कुछ लोगों ने दरवाजे पर दस्तक दी। उस समय महिला अपनी बेटी के साथ आंगन में सो रही थी।
घर पर दस्तक देने वालों का नाम पूछने पर उन सभी ने अपने को पुलिसकर्मी बताया। महिला का कहना है कि दरवाजा खोलते ही कट्टे व चाकू से लैस चार युवक घर में घुस आए और सो रही बेटी को कट्टे के बल पर काबू में कर लिया। मां ने बेटी को छुड़ाने की कोशिश की तो कट्टे की बट व लात-घूसों से उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद जानमाल की धमकी देते हुए असलहे लहराते हुए फरार हो गए।
महिला के शोर मचाने पर गांव के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बाइक सवार बदमाश किशोरी को लेकर दूर जा चुके थे। इस मामले में गंभीरवा चौकी पुलिस को रात में ही सूचना दी गई। थाने पर महिला ने तहरीर दी है। थानाध्यक्ष कपिलदेव चौधरी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
उधर, जरवलरोड थाना अंतर्गत एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी को रिसिया महमदा निवासी मुन्ना बहेलिया शाम को असलहे के बल पर अगवा कर ले गया। इस मामले में किशोरी की मां ने थाने पर मुन्ना को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि किशोरियां व आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।