तहसील के एक अधिवक्ता सोमवार को इलाहाबाद बैंक परिसर में ठगी का शिकार हो गए। जालसाजों ने उनके 22 हजार रुपये उड़ा लिए। अधिवक्ता ने मंगलवार सुबह तक जालसाज को खोजने का प्रयास किया। असफल होने पर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच कर रही है।
नानपारा क्षेत्र में निहालपुरवा गौरा धनौली निवासी कमलेश कुमार तहसील नानपारा में वकील हैं। वह सोमवार दोपहर बाद बैंक में पैसा जमा करने गए थे। भीड़ अधिक होने के कारण पैसा जमा नहीं हो सका तो बाहर निकल गए। परिसर में मिले एक व्यक्ति ने उनको नमस्कार कर कहा कि उसके पास डेढ़ लाख रुपये पॉलिथीन में है। बेटे के इलाज के लिए पैसे निकाले हैं।
वकील से परिचय जताते हुए उसने अपने डेढ़ लाख रुपये उन्हें रखने को दे दिए। कमलेश के पैसे जमा करने चल दिया। काफी देर तक वह बाहर नहीं लौटा तो कमलेश ने उसे खोजने अंदर पहुंचे। काफी देर तक तलाश करने पर उसका पता नहीं चल पाया। उसने डेढ़ लाख रुपये वाली जो पॉलिथीन दी थी उसमें पांच सौ की एक नोट मिली।
बाकी कतरन भरी थी। ठगी का एहसास होने पर कमलेश ने युवक की आसपास तलाश की। सुराग नहीं लगने पर मंगलवार को थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।