फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संपत्ति विवाद में परिवार को किया अगवा

Sun, 18 Sep 2016 11:52 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
संपत्ति विवाद में शनिवार रात दबंगों ने घर में घुसकर एक परिवार पर हमला कर दिया। उन्हें बंधक बनाकर अगवा कर लिया। उत्पात मचाते हुए मकान की दीवार ढहा दी। पड़ोसी व भाई की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चिलवरिया के निकट अपहरणकर्ताओं की कार को रोक कर परिवारीजनों को मुक्त कराया।
विज्ञापन


दो अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य फरार हो गए। कोतवाली नगर के मोहल्ला मीराखेलपुरा निवासी राजेश निषाद मोहल्ला निवासी लल्लू सिंह के मकान में अरसे से किराये पर रह रहा है। मकान के मालिकाना हक को लेकर लल्लू सिंह और राजेश के बीच विवाद चल रहा है।

शनिवार रात परिवार के लोग घर में सो रहे थे। तभी लल्लू सिंह के पुत्र पंकज साथी मनीष, सुशील व अन्य तीन लोगों के साथ राजेश के मकान पर जा धमके। उत्पात मचाते हुए दीवार ढहा दी। शोर सुनकर राजेश ने दरवाजा खोला तो कट्टे की नोंक पर उन्हें काबू में कर लिया।
विज्ञापन


इसके बाद घर में घुसकर सारा सामान सड़क पर फेंक दिया। आसपास के लोग शोर सुनकर जगे तो असलहा लहराकर उन्हें जानमाल की धमकी दी। सामान फेंकने के बाद राजेश, उनकी पत्नी व परिवार के चार अन्य सदस्यों को कट्टे की नोंक पर रात दो बजे कार में बिठाकर अगवा कर ले गए।

इससे मोहल्ले के लोग सकते में आ गए। कुछ दूरी पर रह रहे राजेश के भाई सीताराम ने कोतवाली नगर पुलिस को सूचना देकर घटना से अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक जेएन शुक्ला ने बताया कि खबर मिलते ही कोतवाली देहात, दरगाह व अन्य थानों को सजग किया गया।

घेराबंदी कर भोर में 3:30 बजे अगवा परिवारीजनों की कार को कोतवाली देहात अंतर्गत गोंडा-बहराइच मार्ग पर चिलवरिया के निकट रोका गया। लेकिन कार में सवार मुख्य आरोपी पंकज सिंह मौके से फरार हो गया। उसके साथी मनीष व सुशील को दबोच लिया गया है।

अगवा राजेश व उनके परिवार को मुक्त करा लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि राजेश के भाई सीताराम की तहरीर पर घटना का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पकड़े गए मनीष और सुशील को जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें