जिलाधिकारी अभय पर अपने आवास में तैनात एक प्लाटून कमांडर और चार होमगार्डों को मंगलवार रात लाठी से पीटने का आरोप लगा है। पीड़ितों ने पिटाई में चोट आने की बात कही है। बताया कि कुछ कर्मचारियों ने बचाने की कोशिश की तो उन्हें सस्पेंड कराने की धमकी दी गई।
पिटाई के बाद ड्यूटी पर तैनात होमगार्डों को बर्खास्त करने का फरमान भी जारी कर दिया गया। घायल होमगार्डों ने कोतवाली देहात में मामले की तहरीर दी है। होमगार्ड एसोसिएशन ने केस न दर्ज होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कोतवाली देहात क्षेत्र में डीएम का आवास है। इसके पीछे के हिस्से में कई चंदन के पेड़ लगे हैं। 19 दिसंबर की रात यहां लगे दो पेड़ चोरी से काट लिए गए। पीछे के हिस्से में होमगार्ड दरबारी लाल और शिवकुमार तिवारी की ड्यूटी लगती है।
जबकि होमगार्ड विभाग में तैनात रिसिया कंपनी के प्लाटून कमांडर हरिश्चंद्र शर्मा को रायफल की देखरेख और सामने की तरफ होमगार्ड धर्मराज व मोहम्मद कमरुद्दीन की ड्यूटी होती है। होमगार्डों का आरोप है कि मंगलवार रात डीएम अभय ने सभी को एक साथ बुलाया।
मौके पर जिला कमांडेंट होमगार्ड राजेंद्र सिंह भी मौजूद थे। डीएम ने लाठी उठाकर पेड़ चोरी होने में मिलीभगत की बात कहते हुए पिटाई शुरू कर दी। मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारियों ने बचाने की कोशिश की तो उन्हें सस्पेंड कराने की धमकी दी।
रात बीतने के बाद बुधवार सुबह होमगार्डों ने एसोसिएशन के सामने पूरा मामला रखा। एसोसिएशन के अध्यक्ष गजराज पाठक ने मामले में डीएम के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस मामले में होमगार्डों को डीएम के आदेश के बाद बर्खास्त करने की कार्रवाई भी की गई है।
हालांकि इस बारे में जिला कमांडेंट से बात करने का प्रयास किया गया। लेकिन उनका मोबाइल आउट ऑफ रीच बताता रहा। एसपी सालिकराम वर्मा ने बताया कि डीएम आवास से चंदन के कुछ पेड़ रातोंरात कट गए।
इसकी सूचना मिलने पर डीएम ने ड्यूटी पर तैनात होमगार्डों से पूछताछ की। इसके बाद उनके निलंबन का आदेश दिया। कार्रवाई से बचने के लिए होमगार्ड डीएम पर आरोप लगा रहे हैं। फिर भी तहरीर मिली है। उसकी जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।