रुपईडीहा (बहराइच)। मधेस प्रदेश स्थापना की मांग को लेकर नेपाल में एक बार फिर आंदोलन तेज होने लगा है। शनिवार को आंदोलनकारियों ने इकट्ठा होकर भारत-नेपाल के बीच आवागमन रोक दिया।
नेपाल पुलिस और आंदोलनकारियों में तीखी बहस हुई। देर शाम आंदोलनकारी सीमा से हटे लेकिन वाहन नेपाल में प्रवेश नहीं कर सके।
शनिवार सुबह संयुक्त थारूहट मधेस संघर्ष समिति के बैरन तले मधेसी आंदोलनकारी संघर्ष समिति के नेता गिरिजा दत्त पाठक, कमरुद्दीन राई और कौशल मिश्रा की अगुवाई में इकट्ठा हुए।
इन सभी ने भारत से नेपाल में प्रवेश कर रहे वाहनों को रोक दिया। भारतीय क्षेत्र से पेट्रोल और डीजल जरीकेन में लेकर जा रहे लोगों को रोक कर पेट्रोलियम पदार्थ जब्त कर लिया। इससे अफरा तफरी की स्थिति बन गई।
आंदोलनकारियों द्वारा भारत में वाहनों का प्रवेश रोके जाने से टकराव की नौबत बनी। इसी दौरान एक नेपाली नागरिक पेट्रोल लेकर सीमा में प्रवेश कर रहा था।
उसे भी रोक कर पेट्रोलियम पदार्थ छीन लिया। युवक के समर्थन में नेपाल के जमुनहा चौकी की पुलिस नोमेंस लैंड पर पहुंच गई, जिसके चलते आंदोलनकारी और पुलिसकर्मियों में तीखी झड़प हुई।
एसएसबी के सहायक सेनानायक पीएन सिंह ने बताया कि सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।