डकैतों ने मंगलवार रात हंसुवापारा गांव में जमकर कहर बरपाया। दो घरों में धावा बोलकर परिवारीजनों को बंधक बनाकर लूटपाट की। एक ग्रामीण ने भागने की कोशिश की तो उसे पकड़कर लाठियों से पीट दिया।
जाते समय डकैतों ने घर के सामने मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र की नकदी भी लूट ली। सुबह सूचना पाकर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। इस मामले में पीड़ितों की तहरीर पर जांच शुरू हुई है। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
पयागपुर थाना अंतर्गत हंसुवापारा गांव निवासी नानमून (45) का मकान गांव के बाहर है। मंगलवार रात नानमून और पत्नी रूपा देवी घर पर थे। मंगलवार रात करीब 12 बजे नकाबपोश दस डकैतों ने असलहे के साथ घर पर दस्तक दी। अपने को पुलिसकर्मी बताकर दरवाजा खुलवाया।
दरवाजा खुलते ही बदमाश घर में दाखिल हो गए। कट्टे की नोंक पर पति-पत्नी कोे काबू में कर उन्हें चारपाई से बांध दिया। शोर न मचा सके, इसके लिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद चोरों ने घर में रखे 2600 रुपये नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, कीमती बर्तन व अन्य सामान समेट लिया।
लगभग 40 मिनट तक लूटपाट करने के बाद बदमाश पड़ोसी महेंद्र कुमार पाठक के घर में दीवार फांदकर घुस गए। वहां कमरे में सो रहे महेंद्र और उनके नाना महेश नारायण को भी कट्टे की नोंक पर काबू में कर लूटपाट शुरू कर दी। दोनों को चारपाई से बांध दिया।
लेकिन किसी तरह महेंद्र अपना बंधन छुड़ाने में सफल रहे और जान बचाने के लिए बाहर निकले। तभी दरवाजे पर खड़े तीन बदमाशों ने उसे पकड़कर कट्टे की बट व लाठियों से पिटाई कर दी।
यहां से बदमाश 10 हजार 500 रुपये नकदी, मोबाइल, साइकिल व अन्य सामान समेट ले गए। जाते हुए बदमाशों ने घर के सामने समय माता मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र की नकदी लूट ली। सुबह पीड़ितों ने लहूलुहान हालत में थाने पहुंचकर सूचना दी।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने दोपहर में घटनास्थल का मुआयना किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद केस दर्ज कर कार्रवाई करेंगे। नानमून व महेश के मुताबिक बदमाश लगभग दो लाख की संपत्ति लूट ले गए हैं।