बहराइच। आतंकी घुसपैठ की मद्देनजर बहराइच में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। गुरुवार देर शाम सीओ सिटी की अगुवाई में शहर के सार्वजनिक स्थलों पर सघन तलाशी अभियान चला। इस दौरान बस अड्डे पर डॉग स्क्वॉयड ने यात्रियों के सामान खंगाले और व बसों को मेटल डिटेक्टर से जांचा गया।
नेपाल सीमा से सटे बहराइच के रास्ते आतंकी घुसपैठ की आशंका खुफिया एजेंसियों ने जताई है। इसके चलते नेपाल से आने वाले वाहनों पर सीमा पर तो नजर रखी ही जा रही है। शहर में सार्वजनिक स्थलों पर चौकसी कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा के निर्देश पर गुरुवार देर शाम सीओ सिटी अनूप कुमार की अगुवाई में डॉग स्क्वॉयड, पुलिस तथा पीएसी के जवानों ने खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के साथ शाम छह बजे रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचकर यात्रियों के बैग खंगाले। बसों की भी तलाशी ली।
इसके बाद टीम ने जिला अस्पताल और रेलवे स्टेशन पहुंचकर चेकिंग की। एसपी ने कहा कि होटल और सिनेमा घरों की भी देर रात तलाशी ली जाएगी। यह अभियान गणतंत्र दिवस तक प्रतिदिन चलेगा।