डिक्की से 10 हजार नकद व पासबुक ले उड़ा उचक्का
जरवलरोड (बहराइच)। अट्ठैसा गांव निवासी एक महिला ने शुक्रवार को अपने पुत्र के साथ जरवलरोड बाजार पर स्टेट बैंक की शाखा से 10 हजार रुपये निकाले और नकदी व पासबुक बैग में रखकर उसे डिक्की में रख दिया। इसके बाद तूफानी चौराहे पर दवा खरीदने लगी। इसी दौरान घात लगाए उचक्के ने बैग उड़ा दिया। महिला ने थाने पर तहरीर दी है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत अट्ठैसा गांव निवासी सहनवाज पत्नी रज्जब अली अपने पुत्र इरशाद अली के साथ शुक्रवार को जरवलरोड बाजार पहुंची। यहां पर उसने स्टेट बैंक की शाखा से 10 हजार रुपये निकाले। नकदी व पासबुक को बाइक की डिक्की में रख तूफानी चौराहा स्थित मेडिकल स्टोर पर दवा खरीदने लगी। वहीं पहले से घात लगाए उचक्के ने डिक्की तोड़कर बैग उड़ा दिया। वापस आने पर महिला को डिक्की टूटी मिली। इस पर उसने आसपास के लोगों को वाकये से अवगत कराया। काफी खोजबीन के बाद भी उचक्के का पता नहीं लग सका है। महिला के मुताबिक 10 हजार नकदी के साथ पासबुक भी उचक्का साथ ले गया है। उसने अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने अभी तक केस दर्ज नहीं किया है। थानाध्यक्ष रामप्रकाश यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।