मिहींपुरवा/बहराइच। कोतवाली मुर्तिहा के चुरवा गांव में गुरुवार शाम को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बालक को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने शव को मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सभी ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। ट्रैक्टर चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मुर्तिहा कोतवाली अंतर्गत चुरुवा गांव निवासी 12 वर्षीय यासीन गुरुवार शाम करीब छह बजे घर जा रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बालक को कुचल दिया।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक सजन निवासी अहिरनपुरवा मौके से भाग निकला। बालक की मौत के बाद काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
शव को मार्ग पर रख ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुर्तिहा पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए शव देने से इंकार कर दिया।
ग्रामीणों की मांग थी कि पहले ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार किया जाए उसके बाद ही शव मार्ग से हटाएंगे। काफी मान मनौव्वल व आश्वासन के बाद ग्रामीण पुलिस को शव देने को राजी हुए।
कोतवाल मुर्तिहा श्याम लाल सरोज ने बताया कि ग्रामीण ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित थे। ग्रामीणों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।