बहराइच में गुरुवार को जुलूस निकालकर पीपल चौराहे के पास केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र का पु?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री की बर्खास्तगी को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ने केंद्र सरकार व गृह राज्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पीपल चौराहे पर पुतला जलाकर केंद्र सरकार से मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।
कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर जेपी मिश्रा की अगुवाई में कांग्रेस भवन के सभागार में एकत्रित हुए। यहां से वे केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी को लेकर जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर की ओर निकले, लेकिन पीपल चौराहे पर मौजूद भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इस पर गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पीपल चौराहे पर ही धरने पर बैठ कर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि एसआईटी की जांच में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री का नाम सामने आया है, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार की ओर से मंत्री को बर्खास्त न करके उनको अपना पूरा संरक्षण देना, यह साबित करता है कि सब कुछ केंद्र सरकार के इशारे पर ही चल रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री का हौसला इतना बुलंद हो चुका है कि कलमकारों के साथ भी बदसलूकी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने गृह राज्यमंत्री की ओर से पत्रकार से बदसुलूकी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए प्रधानमंत्री से तत्काल केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। धरने के बाद गुस्साए कार्यकर्ताओं ने गृह राज्यमंत्री का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर मुकुंदजी शुक्ल, मुस्तकीम सलमानी, पूनम शुक्ला, कमला सोनी, रेखा वर्मा, हलीम अहमद, हुमायु चौधरी, महताब आलम, इकबाल, सलमान, पप्पू, नदीम अहमद, दिवाकर पांडेय, राघवेंद्र द्विवेदी, अमरनाथ शुक्ला आदि मौजूद रहे।