व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराती टीम।
बहराइच। विकास भवन सभागार में रविवार देर शाम प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में चल रहे प्रबुद्धजन सम्मेलन के दौरान जिले के प्रतिष्ठित कारोबारी एवं कोल्ड स्टोरेज संचालक पंकज जैन (62) को अचानक हार्ट अटैक आ गया। इससे सम्मेलन में मौजूद व्यापारी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी सकते में आ गए। प्रभारी मंत्री पत्रकार वार्ता के बाद प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे, तभी शहर के ब्राम्हणीपुरा निवासी पंकज जैन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की नजर उन पर पड़ी तो तत्काल सम्मेलन रोक दिया गया।
डीएम और एसपी स्वयं पंकज जैन को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। जांच के दौरान उनकी हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें विशेष एंबुलेंस से लखनऊ रेफर कर दिया गया। घटना के बाद सभागार में मौजूद लोगों के बीच चिंता का माहौल बना रहा। अधिकारी, कई व्यापारी और जनप्रतिनिधि मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे।
जिले के प्रमुख कारोबारियों में है नाम
पंकज जैन जिले के प्रतिष्ठित व्यवसायियों में गिने जाते हैं। कोल्ड स्टोरेज कारोबार के साथ वह विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। सम्मेलन में उनकी मौजूदगी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने की घटना से व्यापारी वर्ग में चिंता व्याप्त है।