दलालों पर शिकंजा कसने के लिए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने मारा छापा
परिसर में खड़ी दो निजी एंबुलेंसों का कराया चालान, पुलिस ने दलाल को पूछताछ के बाद छोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। मेडिकल कॉलेज में दलालों पर अंकुश लगाने के लिए प्राचार्य ने टीम के साथ बृहस्पतिवार को छापा मारा। इस दौरान एक दलाल पकड़ा गया। जिसे प्राचार्य ने पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। वहीं मेडिकल कॉलेज परिसर में खड़ी दो प्राइवेट एंबुलेंस का चालान करा दिया।
मेडिकल कॉलेज में बीते कई वर्षों से दलालों का रैकेट सक्रिय है। यह दलाल पर्चा काउंटर, दवा काउंटर, पैथालॉजी व डॉक्टरों के इर्द-गिर्द घूमते रहते हैं। ग्रामीण क्षेत्राें से आने वाले मरीजों को मेडिकल कॉलेज में अच्छा इलाज न होने की बात कहकर दलाल बेखौफ होकर मरीजों को ठगने का धंधा कर रहे हैं और निजी अस्पतालों में लेकर चले जाते हैं। जहां मरीजों से मोटी रकम वसूली जाती है। इसके बदले दलालों को कमीशन मिलता है। इसके अलावा ओपीडी से बाहर निकलते ही मरीजों को बातचीत में उलझा कर गुमराह करते हैं और अपनी बाइक पर बैठाकर कमीशन वाली दवा खरिदवाने ले जाते हैं। लेकिन इस पर ठोस कार्रवाई नहीं हो पाती है, जिससे दलालों के हौसले बुलंद हैं। दलाली पर अंकुश लगाने के लिए बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने छापा मारा। इस दौरान एक दलाल को पकड़ लिया और चौकी की पुलिस को बुलाकर उसे सौंप दिया। लेकिन पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया। यही नहीं मेडिकल कॉलेज परिसर में खड़ी दो प्राइवेट एंबुलेंस का चालान करा दिया। इस अवसर पर सीएमएस डॉ.एमएमएम त्रिपाठी, प्रबंधक रिजवान आदि मौजूद रहे।
वर्जन
मेडिकल कॉलेज में दलालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। बृहस्पतिवार को एक दलाल को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया है। जबकि दो प्राइवेट एंबुलेंसों का चालान कराया गया है।
-प्रो.डॉ. संजय खत्री, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज
वर्जन
मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से एक एक कथित दलाल को पकड़कर दिया गया था। लेकिन लिखित शिकायती पत्र नहीं मिला था। जिससे कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी।
-अभिलाष सिंह, चौकी प्रभारी मेडिकल कॉलेज